Friday, 23 September 2016

पुलिस वाले का बेटा

आदरणीय पूज्य पिताजी,
आदरणीय और पूज्य कहने से व्याकरण के नियम अस्थिर होते होंगे। मगर यूँ कहने से मैं थोड़ी देर भी स्थिर रहा, तो इस व्याकरण के दोष का अहसान होगा।
पिताजी, आज शाम को कपड़े बदलते वक्त मेरा ध्यान अपने पेट की तरफ गया। देखा कि बेल्ट बांधने से पेट पर बड़ा निशान पड़ गया है, चमड़ी उधड़ गयी है। बरसों पहले आप जब घर आ कर पुलिस की वर्दी उतारते थे रात को, तब अक्सर ऐसे ही निशान को दिखाते थे। कितना बदकिस्मत है आपका बेटा, निशान देख कर भी आपके दिन भर की निशानदेही नही कर पाता था। पापाजी, मैं दो महीने नौकरी पर क्या गया। सुबह से शाम तक कमरपट्टी क्या बांधी खुद को तीसमारखां समझने लगा। आपने पुलिस की नौकरी में छत्तीस साल कैसे बेल्ट बाँधा होगा।
खैर मैं तो शिक्षक हूँ, खड़े खड़े पढ़ाता हूँ। एक रोज बेल्ट के खिंचाव से बैठे बैठे पेट खराब कर लिया। सिर्फ एक दिन बेल्ट सहित लगातार बैठने से आंतड़िया चढ़ा ली मैंने। बहुत बार देखा की आप वर्दी पहन लेते, और अचानक वर्दी उतार कर बाथरूम चले जाते। पुलिस की गाड़ी में रात रात भर ड्राइविंग करने से आपकी पेशिया और आँते किस हद तक खिंच जाती होगी, आज पता लग रहा है मुझे।
रोज बस से जाता हूँ, रोज जाने वाले यात्रियों से अनजानी सी जान पहचान हो जाती है। एक ऐसी ही किसी स्त्री से रोज बस में मुलाकात हो जाती थी। मुझे कुछ रोज बाद लगा, मैं उसके आकर्षण में हूँ। और जब काम का बोझ ज्यादा होता तो ज्यादा आकर्षक महसूस करता।
पापाजी, आप 36 साल तक काम के दबाव में रहे, बारह घण्टे से अधिक काम किया। बदनाम महकमे में रहे। मगर मेरी मम्मी इस तरफ से निश्चिन्त रही की आप भारी दबाव में भी किसी की तरफ आकर्षित होंगे। कैसे आपने खुद को समेटा, बिखरने से बचा कर रखा। कैसे ?
मैं तो साठ दिन में साथ-दिन गिनने लगा था।
बहुत बार आपको कोसा हैं, आपकी नौकरी और हमारी परवरिश की कमियों को उलाहना दिया है। मगर आज पता लगा की आप की जगह मैं होता तो बिखर जाता। मुझे उन तमाम शिकायतों के लिए माफ़ कर दीजिए प्लीज।
पापाजी, सही बात यह हैं की आपकी मेहनत की असफलता की मीनार हूँ मैं। पर मैं सुधरूँगा, एक मौका दीजिए। मेरा तमाम जीवन संघर्ष बिना 'उफ्फ' के बीत पाया तो समझूँगा आपके पेट पर पड़े बेल्ट के निशान पर मरहम पहुँची हैं।
आपका बेटा
विक्की/ रतनजीत

2 comments:

  1. दिल को छू लिया आपने

    ReplyDelete
  2. दिल को छू लिया आपने

    ReplyDelete